Union Budget 2026-27 New Team
Union Budget 2026-27 New Team : नई दिल्ली। देश का आम बजट 2026-27 इस बार इतिहास रचने जा रहा है, लेकिन किसी घोषणा की वजह से नहीं, बल्कि अपनी प्रशासनिक टीम की वजह से। आजादी के बाद यह बिरला मौका है जब वित्त मंत्रालय में ‘वित्त सचिव’ (Finance Secretary) का पद खाली है और देश का सबसे बड़ा आर्थिक दस्तावेज तैयार किया जा रहा है।
Union Budget 2026-27 New Team : परंपरा से हटकर तैयारी: बिना ‘संचालक’ के चल रही मशीनरी
आमतौर पर वित्त सचिव वित्त मंत्रालय का सबसे सीनियर अधिकारी होता है, जो अलग-अलग विभागों (राजस्व, व्यय, आर्थिक मामले) के बीच पुल का काम करता है। लेकिन इस बार बजट की कमान एक ऐसी ‘कोर टीम’ के हाथ में है जिसमें कोई हेड यानी वित्त सचिव नहीं है।
क्यों खाली है पद: पिछले वित्त सचिव अजय सेठ 30 जून 2025 को रिटायर हो गए थे, जिसके बाद उन्हें IRDAI का चेयरमैन बना दिया गया। तब से अब तक सरकार ने इस महत्वपूर्ण पद पर किसी की नियुक्ति नहीं की है।
रविवार को आ सकता है बजट: नई टीम की अग्निपरीक्षा
चर्चा है कि इस बार 1 फरवरी को रविवार होने के बावजूद बजट पेश किया जा सकता है। वित्त सचिव की गैरमौजूदगी में आर्थिक मामलों के विभाग, व्यय विभाग और राजस्व विभाग के सचिव अपने-अपने स्तर पर तालमेल बिठा रहे हैं। प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) और अप्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBIC) के प्रमुखों पर टैक्स सुधारों का भारी जिम्मा है। सरकार का भरोसा है कि वरिष्ठ अधिकारियों की इस नई टीम का अंतरराष्ट्रीय अनुभव बजट की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आने देगा।
आम जनता के लिए क्या है इसके मायने?
बिना किसी ‘सुपर बॉस’ के तैयार हो रहे इस बजट को लेकर आर्थिक विशेषज्ञ थोड़े हैरान जरूर हैं, लेकिन मंत्रालय का कामकाज ‘फुल स्पीड’ में है। यह देखना दिलचस्प होगा कि बिना किसी औपचारिक वित्त सचिव के तैयार यह बजट मध्यम वर्ग और उद्योग जगत की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।