Mungeli District Hospital
Mungeli District Hospital : मुंगेली (छत्तीसगढ़): मुंगेली जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिले के गठन के 15 साल बाद बड़ी मुश्किल से अस्पताल को सीटी स्कैन मशीन नसीब हुई और रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति भी की गई, लेकिन सरकारी लेटलतीफी के कारण अब तक यह सुविधा आम जनता के लिए शुरू नहीं हो पाई है। विभाग की इस उदासीनता का खामियाजा गरीब मरीजों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें छोटी सी जांच के लिए भी निजी सेंटरों में मोटी रकम देनी पड़ रही है।
Mungeli District Hospital : इमरजेंसी में बिलासपुर का सहारा, जोखिम में जान
अस्पताल में मशीन होने के बावजूद गंभीर रूप से घायल मरीजों और सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को आज भी 50 किलोमीटर दूर बिलासपुर सिम्स (SIMS) रेफर किया जा रहा है। सिर की चोट या अन्य इमरजेंसी के मामलों में यह सफर जानलेवा साबित हो रहा है। इतना ही नहीं, आपराधिक मामलों में पुलिस को भी मेडिकल जांच के लिए मरीजों को लेकर बिलासपुर भागना पड़ता है, जिससे पुलिस का समय बर्बाद होता है और घायलों की जान पर बन आती है।
निजी अस्पतालों की चांदी, सरकारी तंत्र फेल
आश्चर्य की बात यह है कि विशेषज्ञ डॉक्टर होने के बावजूद आखिर मशीन को चालू क्यों नहीं किया जा रहा है? स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की लचर कार्यप्रणाली के कारण यह सुविधा केवल कागजों तक सीमित है। लोगों ने मांग की है कि इस अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई की जाए और तत्काल सीटी स्कैन सुविधा शुरू की जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।