Raipur News : रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 9 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के मामले में अब प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है। मासूम से दुष्कर्म के आरोपी 65 वर्षीय अब्दुल सज्जाद अंसारी के खिलाफ अब ‘बुलडोजर’ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। रायपुर नगर निगम ने शुक्रवार को आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
7 दिनों का अल्टीमेटम, घर पर लटकी ढहाने की तलवार
नगर निगम की टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर नोटिस चिपकाया है, जिसमें मकान से संबंधित तमाम वैध दस्तावेज सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिले, तो अवैध निर्माण मानते हुए मकान को ढहाने की कार्रवाई की जा सकती है। नोटिस चस्पा करने के दौरान रायपुर की पूर्व महापौर मीनल चौबे, विधायक पुरंदर मिश्रा और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर समाज में कड़ा संदेश दिया जाए।
चॉकलेट और चूड़ियों का लालच देकर की दरिंदगी
यह शर्मनाक मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी इलाके में ही चूड़ियों की दुकान चलाता है। दुकान पर वह चॉकलेट और खाने-पीने की चीजें भी रखता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी मासूम बच्ची को चॉकलेट और खाने की चीजों का लालच देकर अपने घर ले जाता था। 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच आरोपी ने बच्ची को डरा-धमकाकर कई बार उसके साथ घिनौनी हरकत की।
बच्ची के दर्द ने खोला राज
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब 12 जनवरी की सुबह बच्ची दर्द के मारे जमीन पर लेटकर रोने लगी। जब बच्ची की चाची उसे नहलाने के लिए ले गईं और रोने का कारण पूछा, तब मासूम ने आपबीती सुनाई। परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल बच्ची का इलाज और काउंसलिंग कराई जा रही है।