Mungeli Food Officer Suspended : मुंगेली, 21 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। मुंगेली जिले में धान खरीदी और मिलरों द्वारा किए जा रहे उठाव की निगरानी में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर राज्य शासन ने कड़ा एक्शन लिया है। शासन ने मुंगेली के खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिलरों से साठगांठ और निगरानी में चूक का आरोप
जारी निलंबन आदेश के मुताबिक, खाद्य अधिकारी ने धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया। धान के उठाव की न तो नियमित जांच की गई और न ही मिलरों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी गई। समय पर निरीक्षण न होने के कारण केंद्रों पर अव्यवस्थाएं बढ़ती गईं और गड़बड़ियों को बढ़ावा मिला। इसे सरकारी कामकाज में घोर लापरवाही और सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया है।
रायपुर मुख्यालय में किया गया अटैच
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी। निलंबन की अवधि में हुलेश डड़सेना को संचालनालय खाद्य विभाग, नवा रायपुर के मुख्यालय में अटैच किया गया है। विभाग अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
अफसरों में हड़कंप, सरकार की पैनी नजर
इस कार्रवाई ने पूरे प्रदेश के खाद्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है। सरकार ने साफ संकेत दे दिए हैं कि धान खरीदी प्रक्रिया में अगर किसी भी जिले से लापरवाही या गड़बड़ी की खबर आई, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर इसी तरह की गाज गिरेगी। जिलों के सभी खाद्य अधिकारियों को अब पहले से कहीं ज्यादा सतर्क रहने और केंद्रों का नियमित दौरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।