Korba Stunt Viral Video : कोरबा, 21 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रईसजादों और स्कूली छात्रों की लापरवाही का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। फेयरवेल पार्टी के जोश में स्टूडेंट्स अपनी जान जोखिम में डालकर चलती कारों पर स्टंट करते नजर आए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस एक्शन मोड में है और गाड़ियों के नंबर के आधार पर मालिकों की तलाश की जा रही है।
3 ब्लैक स्कॉर्पियो और पंजाबी गानों पर रील
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला बालको क्षेत्र का है। टीपी नगर स्थित महाराजा होटल में एक स्कूल की फेयरवेल पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी में शामिल होने के लिए छात्र तीन काली स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि चलती गाड़ी की खिड़कियों से छात्र और छात्राएं बाहर निकलकर पोज दे रहे हैं। कोई सेल्फी ले रहा है तो कोई पंजाबी गानों पर रील बना रहा है। पार्टी के बाद भी ये स्टूडेंट्स सड़कों पर इसी तरह स्टंट करते हुए घूमते रहे।
पुलिस की रडार पर ‘स्टंटबाज’ स्टूडेंट्स
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ी नंबरों की पहचान की जा रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन मालिकों और छात्रों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
हाई कोर्ट की सख्ती: पुलिस को ‘नख-दंतहीन’ न बनने की चेतावनी
गौरतलब है कि बिलासपुर हाई कोर्ट ने हाल ही में सड़कों पर स्टंटबाजी और बर्थडे सेलिब्रेशन के मामलों पर स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा था कि पुलिस का खौफ केवल गरीबों पर नहीं, बल्कि रईसजादों और बाहुबलियों पर भी दिखना चाहिए। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों को स्टंट का अखाड़ा बनाने वालों को ऐसी सजा मिले जो दूसरों के लिए सबक बने। अब देखना यह है कि कोरबा पुलिस इन रईसजादों पर कितनी सख्ती दिखाती है।