Rahul Gandhi Republic Day 2026 : नई दिल्ली। देश के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बैठने की जगह को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। परेड के दौरान राहुल गांधी को पिछली कतार में बैठाया गया, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया है।
पिछली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल न होने पर आलोचना झेलने वाले राहुल गांधी इस बार परेड देखने पहुंचे थे। लेकिन समारोह के दौरान का एक वीडियो सामने आया है जिसमें राहुल गांधी पिछली लाइन में बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके आगे की लाइन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य वीआईपी बैठे दिखे।
कांग्रेस ने उठाए सवाल:
‘शैडो प्रधानमंत्री’ का अपमान: कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष का एक खास प्रोटोकॉल होता है और उन्हें ‘शैडो प्रधानमंत्री’ भी कहा जाता है। उन्हें आगे की पंक्ति में जगह न देना दुखद है।
परंपराओं को खत्म करने का आरोप: अनवर ने आरोप लगाया कि जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश पैटर्न के अनुसार विपक्ष के नेता को उचित स्थान मिलना चाहिए।
लोकतंत्र के लिए बुरा संकेत: कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकारी कार्यक्रमों में विपक्ष के नेता को उचित स्थान न देना स्वस्थ लोकतंत्र की परंपरा नहीं है।
राहुल गांधी ने संविधान को बताया सुरक्षा कवच
इस विवाद के बीच राहुल गांधी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “हमारा संविधान हर भारतीय का सबसे बड़ा हथियार और अधिकारों का सुरक्षा कवच है। समानता और सौहार्द से ही हमारा गणतंत्र सशक्त होगा।”