हुसैनाबाद, 27 जनवरी 2026/ झारखंड के पलामू जिले में एक थाना प्रभारी को थाने के भीतर रील बनाना महंगा पड़ गया है। हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी का अपनी पत्नी के साथ वर्दी में डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
वर्दी और थाना परिसर का रील में उपयोग वायरल वीडियो गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के दिन का बताया जा रहा है। वीडियो में इंस्पेक्टर सोनू चौधरी पुलिस यूनिफॉर्म में अपनी पत्नी के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। रील में वे अपनी पत्नी को पुलिस की टोपी पहनाते हुए भी दिख रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, पुलिस की गरिमा और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे।
एसडीपीओ करेंगे मामले की जांच पलामू एसपी श्रीमती रीष्मा रमेशन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना प्रभारी के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब (आईपीएस) के नेतृत्व में यह जांच की जा रही है कि क्या थाना परिसर और वर्दी का इस तरह उपयोग करना सेवा नियमों का उल्लंघन है। जांच रिपोर्ट के आधार पर इंस्पेक्टर सोनू चौधरी पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
संवेदनशील क्षेत्र में तैनात हैं इंस्पेक्टर बता दें कि सोनू चौधरी 2012 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में बिहार सीमा से सटे संवेदनशील हुसैनाबाद क्षेत्र के थाना प्रभारी हैं। नक्सल प्रभावित और आपराधिक गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील इस क्षेत्र में एक जिम्मेदार अधिकारी द्वारा इस तरह की लापरवाही को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।