Mamata Banerjee Statement : कोलकाता/मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत ने अब सियासी मोड़ ले लिया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे एक बड़ी साजिश होने की आशंका जाहिर की है। ममता बनर्जी ने साफ शब्दों में कहा है कि उन्हें देश की किसी भी अन्य एजेंसी पर भरोसा नहीं है, इसलिए इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए।
क्या है ममता बनर्जी का आरोप? ममता बनर्जी ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वह इस घटना से स्तब्ध हैं। उन्होंने इस बात की ओर भी इशारा किया कि अजित पवार पिछले कुछ समय से महायुति गठबंधन से दूरी बना रहे थे, ऐसे में इस हादसे के पीछे कोई साजिश हो सकती है। ममता ने कहा, “देश में आज कोई सुरक्षित नहीं है। इस दर्दनाक हादसे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि जवाबदेही तय की जा सके।”
बारामती में हुआ था हादसा गौरतलब है कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे अजित पवार का छोटा विमान मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुआ था। लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार, दो पायलट और सुरक्षाकर्मियों समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी हादसे में सभी की मौत की पुष्टि कर दी है।
इस घटना के बाद देशभर के बड़े नेता शरद पवार के आवास की ओर रवाना हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली है।