Ajit Pawar Plane Crash : बारामती/मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत से जुड़ी रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। बारामती में लैंडिंग के वक्त हुए इस हादसे में विमान उड़ा रहीं महिला कैप्टन शाम्भवी पाठक के आखिरी शब्द ‘ओह शिट… ओह शिट’ थे। इसके तुरंत बाद विमान जमीन से टकरा गया और 4-5 धमाकों के साथ सब कुछ खाक हो गया।
इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार के साथ उनके सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव, पायलट कैप्टन सुमित कपूर, कैप्टन शाम्भवी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी जान चली गई है।
रनवे नहीं दिखने पर हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:45 से 9:15 बजे के बीच हुआ। कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम थी। पायलटों ने बारामती एयरपोर्ट के रनवे-11 पर लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन रनवे साफ न दिखने पर प्लेन को दोबारा ऊपर ले लिया गया। दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान प्लेन अचानक पलट गया और पास के एक खेत में जा गिरा। सीसीटीवी फुटेज में प्लेन के टकराते ही आग की लपटें और धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है।
चश्मदीदों की जुबानी, तबाही की कहानी घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि प्लेन पहले गांव के ऊपर से गुजरा और फिर अचानक नीचे आता हुआ दिखाई दिया। धमाका इतना जोरदार था कि विमान के टुकड़े उड़कर लोगों के घरों तक जा गिरे। विमान में एक के बाद एक कई विस्फोट हुए, जिससे बचाव कार्य का मौका भी नहीं मिला।
पिंकी माली का अधूरा वादा हादसे में जान गंवाने वाली 29 वर्षीय फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के घर में मातम छाया है। उनके पिता ने बताया कि पिंकी बहुत खुश थी और उसने कहा था कि “फ्लाइट में जाऊंगी तो अजित पवार से भी बात कराऊंगी।” लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पिंकी के घर पर स्थानीय पार्षदों और लोगों का ढांढस बंधाने के लिए तांता लगा हुआ है।