Sunetra Pawar, Maharashtra Deputy CM : मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार को मुंबई के राजभवन (लोकभवन) में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र के इतिहास में इस पद पर बैठने वाली पहली महिला नेता बन गई हैं।
विधायक दल की बैठक में चुना गया नेता शनिवार दोपहर को एनसीपी विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने अपने आधिकारिक आवास ‘देवगिरी’ बंगले में स्वर्गीय अजित पवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए एक प्लेन क्रैश में तत्कालीन डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया था।
शपथ ग्रहण समारोह से पवार परिवार गायब इस ऐतिहासिक पल के दौरान शरद पवार और बारामती सांसद सुप्रिया सुले समारोह में शामिल नहीं हुए। सुप्रिया सुले वर्तमान में बजट सत्र के सिलसिले में दिल्ली में हैं। जब उनसे भाभी के शपथ ग्रहण में शामिल न होने पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट के कारण उनका दिल्ली में रहना अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता रहे मौजूद भले ही परिवार के सदस्य नहीं पहुंचे, लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे इस समारोह के साक्षी बने। इनके साथ ही एनसीपी के तमाम बड़े नेता और विधायक राजभवन में मौजूद रहे। सुनेत्रा पवार के इस नए दायित्व के साथ ही अब महाराष्ट्र की राजनीति में शक्ति संतुलन और भविष्य की रणनीतियों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।