Bilaspur Fraud Case : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ उसलापुर में रहने वाले वन विभाग के एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी को शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर जालसाजों ने 8 लाख 83 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने भरोसे में लेने के लिए पहले 800 रुपये का “छोटा फायदा” कराया, जिसके लालच में फंसकर पीड़ित अपनी जमा-पूंजी और लोन के पैसे भी गंवा बैठा।
ऐसे बुना ठगी का जाल उसलापुर के साईं आनंदम निवासी आकाश जायसवाल (35) के मोबाइल पर 31 दिसंबर को टेलीग्राम के माध्यम से एक मैसेज आया। इसमें शेयर मार्केट में निवेश कर बड़ी कमाई का दावा किया गया था। शुरुआत में आकाश ने 2000 रुपये निवेश किए, जिस पर जालसाजों ने अगले ही दिन 800 रुपये का मुनाफा दिखाया। एक दिन में इतना फायदा देखकर आकाश ठगों के झांसे में आ गया।
लोन लेकर चुकाई ठगों की मांग मुनाफे के लालच में जब आकाश ने ज्यादा पैसे लगाए, तो ठगों ने कहना शुरू किया कि “आपके पैसे फंस गए हैं।” इसे निकालने के बहाने वे और पैसों की मांग करने लगे। पीड़ित ने न केवल अपनी पूरी जमा-पूंजी लगा दी, बल्कि ठगों को देने के लिए मोटा लोन भी ले लिया। 9 दिनों के भीतर अलग-अलग किस्तों में आकाश ने कुल 8 लाख 83 हजार रुपये जालसाजों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
कर्ज में डूबा कर्मचारी, पुलिस ने शुरू की जांच जब जालसाजों ने मैसेज करना बंद कर दिया, तब आकाश को ठगी का एहसास हुआ। अब पीड़ित न केवल अपनी पूंजी गंवा चुका है, बल्कि भारी कर्ज में भी डूब गया है। पीड़ित की शिकायत पर सकरी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से खातों की जांच शुरू कर दी है।