Cigarette Price Hike : नई दिल्ली। सिगरेट के शौकीनों के लिए बुरी खबर है। सरकार द्वारा अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (Excise Duty) लागू किए जाने के बाद सिगरेट की कीमतों में भारी उछाल आया है। 1 फरवरी 2026 से लागू हुए नए नियमों के कारण 10 सिगरेट वाले पैकेट पर अब आपको कम से कम 22 से 25 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। वहीं प्रीमियम ब्रांड्स के लिए यह बढ़ोतरी 50 से 55 रुपये प्रति पैकेट तक पहुंच गई है।
7 साल बाद बढ़ा टैक्स का बोझ पिछले सात सालों में यह पहली बार है जब सरकार ने सिगरेट पर टैक्स में इतनी बड़ी बढ़ोतरी की है। इसका उद्देश्य भारत में तंबाकू पर लगने वाले टैक्स को वैश्विक मानकों के बराबर लाना है। दिसंबर में संसद से मंजूर नए टैक्स ढांचे ने अब पुराने ‘जीएसटी कंपनसेशन सेस’ की जगह ले ली है। हालांकि कंपनियों ने अभी आधिकारिक तौर पर नई एमआरपी (MRP) वाले पैकेट नहीं छापे हैं, लेकिन वितरकों ने 40 प्रतिशत जीएसटी के साथ बिलिंग शुरू कर दी है, जिससे बाजार में दाम बढ़ गए हैं।
प्रमुख ब्रांड्स के संभावित नए दाम (अनुमानित):
विल्स नेवी कट (Wills Navy Cut): पहले 95 रुपये का मिलने वाला 10 सिगरेट का पैकेट अब लगभग 120 रुपये का हो गया है।
प्रीमियम ब्रांड्स (गोल्ड फ्लेक लाइट्स, विल्स क्लासिक): जो पैकेट पहले 170 रुपये का था, वह अब 220 से 225 रुपये के बीच बिकने की संभावना है।
क्लासिक कनेक्ट (20 सिगरेट): इसकी कीमत 300 रुपये से बढ़कर लगभग 350 रुपये होने का अनुमान है।
बढ़ सकता है अवैध कारोबार कीमतों में इस बेतहाशा बढ़ोतरी से ऑल इंडिया सिगरेट एंड टोबैको डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (AICPDF) ने चिंता जताई है। उनका मानना है कि सिगरेट महंगी होने से लोग सस्ते और अवैध विकल्पों की ओर मुड़ सकते हैं, जिससे तस्करी (Smuggling) को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल ईमानदार दुकानदारों का व्यापार प्रभावित होगा, बल्कि सरकार के राजस्व को भी नुकसान हो सकता है।