Parliament Budget Session 2026 : नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। चीन से जुड़े मुद्दे पर नेता विपक्ष राहुल गांधी के भाषण को लेकर हुए विवाद के बाद सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। इस दौरान कुछ सांसदों ने स्पीकर पर पेपर भी उछाले, जिसके बाद 8 विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया। इस निलंबन के खिलाफ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।
चीन और व्यापार समझौते पर तकरार हंगामे की शुरुआत सोमवार को हुई थी, जब राहुल गांधी ने एक मैगजीन रिपोर्ट का हवाला देते हुए चीन से जुड़े मुद्दे पर पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित किताब के कथित कोट का जिक्र किया। स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें ऐसा करने से रोक दिया था। मंगलवार को भी इसी मुद्दे पर हंगामा जारी रहा।
इसके अतिरिक्त, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने सरकार पर निशाना साधने की कोशिश की, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हुई।
सुबह से ही बाधित रही कार्यवाही सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए। वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। शोर-शराबे के बीच ही लोकसभा को पहले दोपहर 12 बजे तक, फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
राहुल गांधी का चीन मुद्दे पर फिर जोर दोपहर 2 बजे जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो राहुल गांधी बोलने के लिए खड़े हुए और उन्होंने फिर से चीन का मुद्दा उठाया। इस पर किरण रिजिजू ने आपत्ति जताई और राहुल गांधी को बोलने से रोका गया। हंगामे के चलते कार्यवाही को एक बार फिर स्थगित करना पड़ा।
स्पीकर बिरला ने की अपील हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, “प्रश्नकाल में नियोजित तरीके से आसन के पास आकर नारेबाजी करने का कोई औचित्य है क्या? यह सदस्यों का समय होता है। इसमें सांसद प्रश्न उठाते हैं, सरकार की जवाबदेही तय होती है।” हालांकि, उनकी अपील का भी कोई खास असर नहीं हुआ और हंगामा जारी रहा।