Lok Sabha Speaker Om Birla : नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार को हुए जबरदस्त हंगामे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सदन में न आने को लेकर गुरुवार को स्पीकर ओम बिरला ने बड़ा खुलासा किया है। बिरला ने कहा कि उनके पास पक्की जानकारी थी कि कई कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री की सीट तक पहुंचकर कोई ऐसी “अप्रत्याशित हरकत” कर सकते थे, जिससे देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को गहरा धक्का लगता। इसीलिए उन्होंने खुद पीएम मोदी से सदन में न आने का अनुरोध किया था।
लोकतंत्र के इतिहास पर ‘काला धब्बा’ दोपहर 3 बजे जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तब स्पीकर ने विपक्षी सदस्यों के व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “बुधवार को मेरे ऑफिस में कुछ सांसदों का व्यवहार उचित नहीं था, जो संसदीय इतिहास में एक काले धब्बे जैसा है। राजनीतिक मतभेदों को इस स्तर तक घसीटना गलत है।” बिरला ने बताया कि सदन की गरिमा को बचाने के लिए उन्होंने पीएम से भाषण देने न आने को कहा और मोदी ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया।
प्रियंका गांधी का पलटवार: ‘स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं प्रधानमंत्री’ स्पीकर के दावों पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने तीखा पलटवार किया। संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इसे “सरासर झूठ” करार दिया। प्रियंका ने कहा, “प्रधानमंत्री पर किसी के हमला करने या उन्हें चोट पहुँचाने की बात सोचना भी गलत है। ऐसी कोई योजना नहीं थी। सच तो यह है कि प्रधानमंत्री कल सदन में आने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और अब वे स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं।”
बैनर लेकर दौड़ी थीं महिला सांसद गौरतलब है कि बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्षी महिला सांसद बैनर लेकर प्रधानमंत्री की सीट की ओर दौड़ पड़ी थीं। उस वक्त सदन में भारी शोर-शराबा हुआ, जिसके कारण कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी। प्रधानमंत्री मोदी उस समय सदन में मौजूद नहीं थे।
पोस्टर-पम्फलेट लाए तो नहीं चलेगा सदन ओम बिरला ने सदन में विपक्षी सांसदों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे पोस्टर और पैम्फलेट लेकर आएंगे, तो सदन की कार्यवाही नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने साफ़ किया कि वे सदन की मर्यादा के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। इसके बाद विपक्ष के लगातार नारों के बीच स्पीकर ने सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया।