Ranchi Murder Case : रांची. झारखंड की राजधानी रांची के सोनाहातू में प्रेम-प्रसंग का एक बेहद खौफनाक अंत सामने आया है। वैलेंटाइन वीक के बीच हुई इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके को दहला दिया है। यहां एक 25 वर्षीय युवक, हरिहर महतो की उसकी ही पूर्व प्रेमिका और उसके पति ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने युवक का सिर काटकर अलग कर दिया और प्राइवेट पार्ट को भी काट डाला।
मिलने के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक हरिहर महतो शादीशुदा था, लेकिन उसका गांव की ही सुलोचना देवी के साथ पिछले दो साल से अफेयर चल रहा था। जब सुलोचना के पति छत्रपति को इस बात का पता चला, तो दोनों ने मिलकर हरिहर को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। 31 जनवरी की शाम सुलोचना ने हरिहर को मिलने के लिए कांची नदी के किनारे बुलाया, जहां पहले से घात लगाए बैठे पति-पत्नी ने उस पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
नदी किनारे मिला क्षत-विक्षत शव 31 जनवरी से लापता हरिहर का शव 8 फरवरी की शाम कांची नदी के किनारे बरामद हुआ। पहचान छिपाने और बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने सिर और धड़ को अलग-अलग फेंक दिया था। मृतक का एक महीने का छोटा बच्चा है, जिसकी वजह से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी दंपति सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी महिला और उसके पति को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया गया है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड के पीछे के हर पहलू का खुलासा कर दिया जाएगा।