Rajim Crime News : राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर-देवरी मार्ग पर एक युवती की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। नहर किनारे झाड़ियों में मिले इस शव से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। शिनाख्त के बाद मृतिका की पहचान रायपुर निवासी चंचल साहू के रूप में हुई है, जो पिछले 15 दिनों से लापता थी।
राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू ने बताया कि ग्रामीणों को पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में भारी बदबू आ रही थी। शनिवार सुबह जब कुछ लोगों ने पास जाकर देखा, तो नहर किनारे एक युवती का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतिका चंचल साहू, रायपुर के टिकरापारा की रहने वाली थी और 30 जनवरी से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।
हत्या की आशंका, जांच में जुटी एफएसएल टीम शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया। पुलिस अब मृतिका के मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह राजिम कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर एंगल से मामले की गुत्थी सुलझाने में लगी है।