लाइफस्टाइल : तली-भुनी चीजें जैसे समोसे, पकौड़े और फ्रेंच फ्राइज का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है, लेकिन इनमें मौजूद अत्यधिक तेल सेहत की चिंता बढ़ा देता है। अक्सर घर में डीप फ्राई करते समय चीजें चिपचिपी हो जाती हैं और ढेर सारा तेल सोख लेती हैं। मशहूर शेफ संजीव कपूर ने 7 ऐसी स्मार्ट ट्रिक्स साझा की हैं, जिन्हें अपनाकर आप बाहर जैसा क्रिस्पी स्वाद घर पर पा सकते हैं और वह भी कम तेल के साथ।
सही तेल और सही तापमान है सबसे जरूरी संजीव कपूर के अनुसार, डीप फ्राइंग के लिए हमेशा हाई स्मोक पॉइंट वाले तेल (जैसे सरसों, मूंगफली या रिफाइंड तेल) का चुनाव करना चाहिए। सबसे बड़ी गलती हम तब करते हैं जब तेल पूरी तरह गर्म नहीं होता और हम चीजें डाल देते हैं। गुनगुने तेल में चीजें डालने से वे तुरंत तेल सोखने लगती हैं। इसलिए हमेशा तेल को अच्छी तरह गर्म होने दें। इसकी जांच के लिए मिश्रण का एक छोटा टुकड़ा डालकर देखें, अगर वह तुरंत ऊपर आ जाए, तो तेल तैयार है।
ओवरक्राउडिंग और नमी से बचें अक्सर जल्दी के चक्कर में हम कढ़ाही में बहुत सारी चीजें एक साथ डाल देते हैं। ऐसा करने से तेल का तापमान अचानक गिर जाता है और चीजें कुरकुरी होने के बजाय चिपचिपी हो जाती हैं। इसके अलावा, जिस भी चीज को तलना हो, वह पूरी तरह सूखी होनी चाहिए। अगर आलू या सब्जियों में नमी होगी, तो वे ज्यादा तेल पिएंगी और छींटे भी उड़ेंगे।
तलने का सही तरीका चीजों को तेल में डालते ही बार-बार न चलाएं। पहले उन्हें तेल में सेट होने दें, जब बाहरी लेयर थोड़ी सख्त हो जाए, तब उन्हें पलटें। अगर आप ब्रेड क्रम्ब्स वाली चीजें बना रहे हैं, तो एक्स्ट्रा चूरा झाड़कर ही तेल में डालें ताकि तेल गंदा न हो और कोटिंग न छूटे। इन छोटी मगर असरदार ट्रिक्स को अपनाकर आप अपने पसंदीदा स्नैक्स को बिना किसी गिल्ट के एन्जॉय कर सकते हैं।