नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल चैट करने या फोटो बनाने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह आपकी खोई हुई चीजों को खोजने में भी माहिर हो गया है। AI Summit 2026 में एक स्विस कंपनी ने ऐसी क्रांतिकारी तकनीक पेश की है, जो भारी-भरकम वेयरहाउस और कबाड़ जैसे दिखने वाले ढेर में से भी आपका कीमती सामान पलक झपकते ही ढूंढ निकालेगी। वेयरहाउस इन्वेंटरी मैनेजमेंट में इसे एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
कैसे काम करता है यह ‘सर्च मास्टर’ AI? स्विस कंपनी के एग्जीक्यूटिव गगन ने इस तकनीक की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। यह सिस्टम पूरी तरह से कंप्यूटर प्रोग्रामिंग और रोबोटिक आर्म्स पर आधारित है। सबसे पहले मशीन के कंप्यूटर में उस सामान की जानकारी फीड की जाती है जिसे ढूंढना है। कमांड मिलते ही मशीन अपनी खास प्रोग्रामिंग के जरिए पूरे इलाके को स्कैन करती है और सटीकता के साथ सामान को खोज निकालती है।
तीन रोबोटिक आर्म्स और जबरदस्त स्पीड विशेषज्ञ तरुण शेट्टी के मुताबिक, इस मशीन में तीन अत्याधुनिक रोबोटिक आर्म्स (हाथ) लगे हुए हैं। जैसे ही यूजर कमांड देता है, ये आर्म्स एआई की दिशा-निर्देशों के अनुसार काम शुरू कर देते हैं। चाहे मेटल का सामान हो या कोई छोटी वस्तु, यह मशीन बिना वक्त गंवाए उसे भीड़ से अलग कर देती है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह उन जगहों पर भी कमाल कर सकती है जहां इंसानी आंखों के लिए किसी चीज को ढूंढना नामुमकिन जैसा होता है।
वेयरहाउस प्रबंधन में आएगी क्रांति वर्तमान में इस तकनीक का सबसे बड़ा उपयोग बड़े वेयरहाउस और गोदामों में हो रहा है। अक्सर वेयरहाउस में हजारों सामान एक साथ पड़े होते हैं, जिनमें से किसी एक खास पैकेट या पुर्जे को ढूंढने में घंटों लग जाते हैं। एआई की इस नई तकनीक ने न सिर्फ समय की बचत की है, बल्कि लेबर की मेहनत को भी कम कर दिया है। आने वाले समय में इस तकनीक को घरेलू स्तर पर भी उपयोग के लिए विकसित किया जा सकता है, जिससे घर की खोई चाबियाँ या सामान ढूंढना आसान हो जाएगा।