India France Defense Dea : मुंबई : भारत और फ्रांस के बीच रक्षा संबंधों ने एक नया इतिहास रच दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच मंगलवार को हुई मुलाकात के बाद दोनों देशों ने ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का ऐलान किया है। इस डील की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अब भारतीय सेना और फ्रांसीसी फौज के अधिकारी एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर तैनात किए जाएंगे, जिससे दोनों देशों के बीच युद्ध कौशल और तकनीक का सीधा साझाकरण हो सकेगा।
अब भारत में बनेगा ‘एवरेस्ट’ फतह करने वाला हेलिकॉप्टर
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने कर्नाटक के वेमगल में टाटा-एयरबस की ‘H125 हेलिकॉप्टर असेंबली लाइन’ का उद्घाटन किया। यह प्रोजेक्ट इसलिए खास है क्योंकि H125 दुनिया का इकलौता ऐसा हेलिकॉप्टर है जो माउंट एवरेस्ट की चोटी पर लैंड करने की ताकत रखता है। 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा के इस निवेश से भारत न केवल अपनी जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि इन हेलिकॉप्टरों को पूरी दुनिया में एक्सपोर्ट (निर्यात) भी करेगा।
114 राफेल और ‘हैमर’ मिसाइल: चीन-पाक की बढ़ी टेंशन
डिफेंस सेक्टर के लिए एक और बड़ी खबर यह है कि भारत 114 नए राफेल फाइटर जेट्स की डील को अंतिम रूप दे रहा है। खास बात यह है कि ‘मेक इन इंडिया’ के तहत इनमें से 90 जेट्स भारत में ही बनाए जाएंगे। इसके साथ ही, राफेल में लगने वाली घातक ‘हैमर’ मिसाइलें भी अब भारत की BEL और फ्रांस की सैफ्रन कंपनी मिलकर स्वदेश में ही तैयार करेंगी। इससे भारत की हवाई ताकत में जबरदस्त इजाफा होगा, जिससे पड़ोसी देशों की बेचैनी बढ़ना तय है।
हर साल होगी ‘शक्ति’ एक्सरसाइज
दोनों देशों ने अपने सैन्य संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए ‘एक्सरसाइज शक्ति’ (Exercise Shakti) को अब हर दो साल के बजाय हर साल आयोजित करने का फैसला किया है। इसके अलावा, अगले 10 सालों के लिए डिफेंस कोऑपरेशन एग्रीमेंट का नवीनीकरण भी कर दिया गया है। राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत को फ्रांस का सबसे ‘भरोसेमंद साथी’ बताया है।
बिजनेस और कनेक्टिविटी पर भी जोर
रक्षा के साथ-साथ आर्थिक मोर्चे पर भी बड़ी सहमति बनी है। ‘इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर’ पर काम तेज करने और टैक्स नियमों (Double Tax Avoidance Pact) को सरल बनाने पर बात हुई है, ताकि दोनों देशों के बीच व्यापार करना और आसान हो सके। राष्ट्रपति मैक्रों बुधवार को दिल्ली में होने वाले AI समिट में भी शिरकत करेंगे।