नई दिल्ली। देश की राजधानी के ‘भारत मंडपम’ में आयोजित वैश्विक ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ शुक्रवार को अखाड़े में तब्दील हो गया। शिखर सम्मेलन के बीच हॉल नंबर-5 में भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के लगभग 20-30 कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ जोरदार हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि बीच गैलरी में अपनी शर्ट उतारकर अर्धनग्न अवस्था में प्रदर्शन करने लगे। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों को हिरासत में लिया है।
जैकेट के अंदर छिपाई थी पहचान, QR कोड से ली एंट्री
नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) देवेश कुमार महला के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। प्रदर्शनकारियों ने बेहद शातिराना तरीके से क्यूआर कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन कराकर वैध एंट्री ली थी। सर्दी का मौसम होने के कारण सभी ने जैकेट और स्वेटर पहने हुए थे, जिसके चलते सुरक्षाकर्मियों को उन पर शक नहीं हुआ। जैसे ही ये लोग हॉल नंबर-5 के लॉबी एरिया में पहुंचे, उन्होंने अचानक अपने गर्म कपड़े उतारे और शर्टलेस होकर नारेबाजी शुरू कर दी।
हिरासत में लिए गए दिग्गज पदाधिकारी
पुलिस ने मौके से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने पहुंचाया है। पकड़े गए मुख्य चेहरों में शामिल हैं:
-
कृष्णा (35 वर्ष): राष्ट्रीय सचिव, भारतीय युवा कांग्रेस (बिहार)
-
कुंदन यादव (33 वर्ष): प्रदेश सचिव (बिहार)
-
अजय कुमार: प्रदेश उपाध्यक्ष (उत्तर प्रदेश)
-
नरसिम्हा यादव: राष्ट्रीय समन्वयक (तेलंगाना)
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान कर रही है और इन सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई (FIR) की तैयारी में है।
राजनीतिक घमासान: बीजेपी ने बताया ‘राष्ट्रीय शर्म’
इस घटना पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इसे ‘राष्ट्रीय शर्म’ करार देते हुए लिखा कि जब दुनिया के बड़े नेता और टेक दिग्गज भारत की तकनीक और नेतृत्व को देख रहे हैं, तब राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यवधान पैदा कर देश को शर्मिंदा किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गरिमा और शिष्टाचार की जगह अशांति का रास्ता चुना है।