PTRSU Jaundice Outbreak : रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PTRSU) के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण 25 छात्राएं पीलिया (जॉन्डिस) की शिकार हो गई हैं। छात्राओं के स्वास्थ्य से हुए इस खिलवाड़ को लेकर शनिवार को एनएसयूआई (NSUI) ने विश्वविद्यालय परिसर में उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रबंधन पर मामले को दबाने और जांच के लिए आई डॉक्टरों की टीम को रोकने का गंभीर आरोप लगाया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम को रोकने पर हंगामा एनएसयूआई के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुलपति और रजिस्ट्रार कार्यालय का घेराव किया। आरोप है कि जब जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्राओं की जांच करने हॉस्टल पहुँची, तो उन्हें लगभग एक घंटे तक भीतर प्रवेश नहीं करने दिया गया। एनएसयूआई का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी कमियों को छिपाने के लिए डॉक्टरों को छात्राओं से मिलने से रोक रहा था, जिससे छात्राओं की जान को खतरा हो सकता है।
इस्तीफे की मांग और तालाबंदी की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति, रजिस्ट्रार और हॉस्टल अधीक्षक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्राएं लंबे समय से गंदा पानी पीने को मजबूर थीं, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेंगे और विश्वविद्यालय के कामकाज को ठप कर देंगे।