Bangladesh Election Results 2026 : ढाका/नई दिल्ली। पड़ोसी देश बांग्लादेश में हुए आम चुनाव के नतीजों ने दक्षिण एशिया की राजनीति में हलचल मचा दी है। करीब 20 साल के लंबे इंतजार के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। वहीं, शेख हसीना के जाने के बाद सत्ता का ख्वाब देख रही कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। चूंकि पश्चिम बंगाल और असम की सीमाएं बांग्लादेश से सटी हैं, इसलिए इन नतीजों का सीधा असर वहां होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों पर पड़ना तय माना जा रहा है।
असम और बंगाल के लिए क्यों महत्वपूर्ण हैं ये नतीजे? भारत की बांग्लादेश के साथ लगभग 4000 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है, जिसका सबसे बड़ा हिस्सा बंगाल और असम से सटा है। इन दोनों राज्यों में मुस्लिम आबादी करीब 30 प्रतिशत है, और घुसपैठ का मुद्दा यहाँ हमेशा से चुनावी केंद्र रहा है।
-
बीजेपी का ‘अस्तित्व’ वाला नैरेटिव: पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ‘घुसपैठ’ और ‘हिंदू अस्मिता’ के मुद्दे पर हमलावर रहे हैं। बांग्लादेश में अस्थिरता के दौरान बीजेपी ने इसे ‘हिंदुओं पर संकट’ के तौर पर पेश किया था। अब एक लोकतांत्रिक और स्थिर सरकार आने से बीजेपी के उस ‘अस्थिरता वाले नैरेटिव’ पर असर पड़ सकता है।
-
घुसपैठ और सुरक्षा: असम में सीएम हिमंत बिस्वा सरमा घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रहे हैं। एक स्थिर सरकार होने से सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों और उग्रवादी कैंपों पर लगाम लगने की उम्मीद है, जिससे सीमावर्ती इलाकों की राजनीति प्रभावित होगी।
कट्टरपंथ की हार और भारत के लिए नई उम्मीद जमात-ए-इस्लामी जैसे कट्टरपंथी गठबंधन की हार भारत के लिए राहत भरी खबर है। जानकारों का मानना है कि तारिक रहमान के नेतृत्व में BNP भारत के साथ संतुलित रिश्ते बनाने की कोशिश करेगी। हाल ही में खालिदा जिया के निधन पर पीएम मोदी द्वारा भेजे गए शोक संदेश और विदेश मंत्री जयशंकर की यात्रा ने नए रिश्तों की नींव पहले ही रख दी है।
ट्रांजिट और व्यापारिक लाभ स्थिर सरकार आने से सिलीगुड़ी कॉरिडोर (चिकन नेक) पर निर्भरता कम हो सकती है, क्योंकि भारत को पूर्वोत्तर राज्यों के लिए बांग्लादेश के जरिए बेहतर ट्रांजिट रूट मिल सकते हैं। इसका सीधा आर्थिक लाभ बंगाल और असम के सीमावर्ती जिलों को मिलेगा।