बजट 2026 : नई दिल्ली। देश में इस वक्त हर तरफ ‘बजट 2026’ की चर्चा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पिटारे से क्या निकलेगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। लेकिन बड़े वादों और घोषणाओं से ठीक 24 घंटे पहले संसद में सरकार अपनी आर्थिक सेहत का कच्चा चिट्ठा पेश करेगी। इसे ‘आर्थिक समीक्षा’ (Economic Survey) कहा जाता है। यह दस्तावेज बजट की नींव होता है, जो बताता है कि देश की अर्थव्यवस्था ‘पास’ हुई या ‘फेल’।
क्या है इकोनॉमिक सर्वे और क्यों है यह खास?
इकोनॉमिक सर्वे को आप केंद्र सरकार का सालाना ‘रिपोर्ट कार्ड’ कह सकते हैं। बजट जहां भविष्य की योजनाओं और सपनों का खाका होता है, वहीं इकोनॉमिक सर्वे पिछले एक साल की जमीनी हकीकत का आईना है। यह बिना किसी लाग-लपेट के बताता है कि पिछले बजट में तय किए गए लक्ष्य कितने पूरे हुए और विकास की रफ्तार क्या रही। इसी दस्तावेज के आधार पर यह तय होता है कि आगामी बजट में जनता को टैक्स में राहत मिलेगी या सरकार को कुछ कड़े फैसले लेने होंगे।
कौन तैयार करता है अर्थव्यवस्था की यह ‘कुंडली’?
यह वित्त मंत्रालय का सबसे महत्वपूर्ण प्रकाशन है। इसे मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) के नेतृत्व में अर्थशास्त्रियों की एक विशेष टीम तैयार करती है। वर्तमान में वी. अनंत नागेश्वरन इस जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं। उनकी टीम पिछले 12 महीनों के दौरान कृषि, उद्योग, सेवा क्षेत्र और विदेशी व्यापार जैसे आंकड़ों का गहन विश्लेषण करती है। वित्त मंत्री की मंजूरी के बाद इसे संसद के पटल पर रखा जाता है।
आम आदमी की जेब पर क्या होगा असर?
इकोनॉमिक सर्वे ही वह जरिया है जिससे महंगाई, बेरोजगारी और जीडीपी (GDP) विकास दर की सही तस्वीर साफ होती है। इसके दो मुख्य भाग होते हैं:
मैक्रो-इकोनॉमिक स्थिति: यह बताता है कि देश मंदी की ओर है या तरक्की की ओर।
सामाजिक विकास: इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा और गरीबी जैसे मुद्दों पर फोकस होता है। यदि सर्वे में अर्थव्यवस्था के संकेत मजबूत मिलते हैं, तो मध्यम वर्ग और करदाताओं को बजट में बड़ी राहत की उम्मीद बढ़ जाती है।
29 जनवरी को संसद में दिखेगी तस्वीर
परंपरा के अनुसार, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 29 जनवरी को आर्थिक सर्वे संसद के दोनों सदनों में पेश करेंगी। इसके तुरंत बाद मुख्य आर्थिक सलाहकार प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए विस्तार से बताएंगे कि भारतीय अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति क्या है और आने वाले साल के लिए क्या संभावनाएं हैं।