CG Dhan Kharidi : राजिम, 27 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की अंतिम तारीख नजदीक आते ही अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर स्थित बोरसी धान खरीदी केंद्र में मंगलवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब 6 गांवों के किसानों ने धान नहीं खरीदे जाने से नाराज होकर केंद्र के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। किसानों का आरोप है कि केंद्र में निर्धारित लिमिट पूरी होने का हवाला देकर खरीदी रोक दी गई है, जबकि अब भी क्षेत्र के लगभग 284 किसान अपना धान बेचने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
प्रशासनिक हस्तक्षेप और पंचनामा हंगामे की सूचना मिलते ही तहसीलदार डिंपल ध्रुव मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित किसानों को समझा-बुझाकर गेट का ताला खुलवाया। तहसीलदार ने किसानों की शिकायतों पर पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट कलेक्टर को भेज दी है। दूसरी ओर, करीब 10-12 किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय भी पहुंचा और प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
खरीदी का बहिष्कार और समय-सीमा बढ़ाने की मांग फिलहाल बोरसी केंद्र में खरीदी का काम पूरी तरह ठप है। किसानों ने बुधवार को भी खरीदी का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। किसानों की स्पष्ट मांग है कि खरीदी की निर्धारित सीमा (लिमिट) बढ़ाई जाए ताकि कोई भी पंजीकृत किसान अपना धान बेचने से वंचित न रहे। खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण अन्नदाताओं के बीच चिंता और रोष बढ़ता जा रहा है।