CG Latest News
CG Latest News : राजनांदगांव: शहर के डेंटल कॉलेज से छात्रों की सेहत से खिलवाड़ का एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है। यहाँ कॉलेज मेस में छात्रों को परोसी गई सब्जी में ‘मरा हुआ मेंढक’ मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने मेस के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और भोजन का बहिष्कार कर दिया।
CG Latest News : खाने की थाली में मिला मेंढक, वीडियो वायरल
यह हैरान करने वाली घटना बीती रात की है। छात्र जब डिनर कर रहे थे, तभी एक छात्र की थाली में सब्जी के साथ मरा हुआ मेंढक निकल आया। इसे देखते ही छात्रों के होश उड़ गए। छात्रों ने तुरंत इस घटना का वीडियो बनाया और फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। छात्रों का आरोप है कि मेस में सफाई और खाने की क्वालिटी को लेकर वे लंबे समय से शिकायत कर रहे थे, लेकिन प्रबंधन ने कभी ध्यान नहीं दिया।
फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी: किचन में मिला प्रतिबंधित सामान
मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने कॉलेज मेस में दबिश दी। जांच के दौरान जो हकीकत सामने आई, वह और भी डरावनी थी। किचन और स्टोर रूम की तलाशी में भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट के मसाले, जीरा और मिर्च पाउडर मिले। इतना ही नहीं, टीम को जाँच में ऐसी सामग्री भी मिली जो प्रतिबंधित है और कई पैकेटों पर FSSAI का प्रमाणन (Certification) तक नहीं था।
प्रबंधन पर गिरी गाज, मेस संचालक को कड़ी फटकार
फूड सेफ्टी अधिकारियों ने मेस में मिली गंभीर अनियमितताओं को लेकर संचालक को जमकर फटकार लगाई। टीम ने एक्सपायरी सामान को जब्त कर लिया है और सैंपल जाँच के लिए लैब भेजे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मेस प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों की मांग: तुरंत बदला जाए मेस ठेकेदार
घटना के बाद से ही छात्रों में भारी गुस्सा है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि वर्तमान मेस ठेकेदार को तत्काल हटाया जाए और भविष्य में भोजन की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी की जाए। इधर, कॉलेज प्रशासन ने सफाई देते हुए कहा है कि फूड सेफ्टी विभाग की रिपोर्ट आने के बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे।