रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सिविल सेवा भर्ती परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) 22 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। प्रदेश के सभी 33 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने एडमिट कार्ड के साथ विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिनमें ड्रेस कोड, गैजेट्स और टाइमिंग को लेकर काफी सख्ती बरती गई है। प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर परीक्षार्थियों को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
ड्रेस कोड का रखना होगा खास ख्याल
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के और आधी बांह (Half Sleeve) वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, जामुनी और मैरून जैसे गहरे रंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। कार्गो पैंट या डिजाइनर कपड़े पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी, हालांकि साधारण जींस या सामान्य पैंट पहनी जा सकती है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए: आधी बांह की सलवार-कुर्ती या साड़ी पहन सकती हैं। कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण (Jewelry) की अनुमति नहीं है। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की छूट दी गई है।
जूते-चप्पल: मोटे सोल या ऊंची हील वाले जूते बैन हैं। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनकर ही एंट्री मिलेगी।
साथ ले जाने वाली जरूरी चीजें
परीक्षा केंद्र में केवल ये सामग्री ले जाई जा सकेगी:
लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल।
एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो (यदि फोटो स्पष्ट न हो)।
मूल फोटो पहचान पत्र (Voter ID, Aadhaar, PAN Card, Driving License आदि)।
काले या नीले रंग का बॉल पेन।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
किसी भी प्रकार की घड़ी, स्मार्टवॉच, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या संचार उपकरण ले जाना सख्त मना है। नकल रोकने के लिए केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे। दिव्यांग अभ्यर्थियों को सहलेखक (Scribe) के लिए जिला कार्यालय से जारी स्वीकृति पत्र साथ रखना होगा।
टाइमिंग और अन्य नियम
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार (Main Gate) बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी को भी बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
बता दें कि CG PSC ने 238 पदों के लिए यह विज्ञापन जारी किया था, जिसकी प्रारंभिक परीक्षा अब 22 फरवरी को होने जा रही है।