Lord Ram Exam Question Controversy
Lord Ram Exam Question Controversy : रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्राथमिक शिक्षा के एक प्रश्न पत्र को लेकर बवाल मच गया है। महासमुंद जिले में कक्षा 4वीं की अर्धवार्षिक परीक्षा में भगवान श्रीराम से जुड़े एक विवादित प्रश्न को लेकर हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। इस मामले में आज विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पदाधिकारियों ने रायपुर कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
Lord Ram Exam Question Controversy : आस्था से खिलवाड़ का आरोप
विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि प्रश्न पत्र में पूछा गया सवाल न केवल अनावश्यक था, बल्कि उससे करोड़ों हिंदू समाज के आराध्य भगवान श्रीराम की छवि और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। विहिप नेताओं ने इसे एक सोची-समझी साजिश बताते हुए कहा कि शिक्षा के बहाने बच्चों के मन में गलत धारणाएं बिठाई जा रही हैं।
प्रशासन को ‘बड़े प्रदर्शन’ की चेतावनी
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में परिषद ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। विहिप ने मांग की है कि इस प्रश्न पत्र को तैयार करने वाले शिक्षकों और जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कर उन्हें तत्काल प्रभाव से दंडित किया जाए। संगठन ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
‘पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले’
विहिप पदाधिकारियों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन को शैक्षणिक विषयों की संवेदनशीलता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में बैठे कुछ लोग जानबूझकर सनातन धर्म से जुड़े विषयों पर विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।