Chhattisgarh Railway Budget 2026 : बिलासपुर। बजट में इस बार छत्तीसगढ़ राज्य को रेलवे के विकास के लिए 7470 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यह राशि पिछले बजट की तुलना में 545 करोड़ रुपए अधिक है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के जीएम तरुण प्रकाश ने बताया कि इस ऐतिहासिक बजट से राज्य में रेल परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलेगी और बस्तर जैसे दूरस्थ अंचलों के लोगों का रेल सफर का सपना साकार होगा।
ट्रेनों की संख्या होगी दोगुनी जीएम तरुण प्रकाश ने मीडिया से चर्चा में बताया कि रावघाट परियोजना और परमलकसा-खरसिया कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के पूरे होने के बाद ट्रेनों की संख्या वर्तमान की तुलना में लगभग दोगुनी हो जाएगी। इसका सीधा फायदा छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों ओडिशा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को भी मिलेगा। वर्तमान में राज्य में 51,080 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं।
बजट में 24 गुना की भारी बढ़ोतरी छत्तीसगढ़ के लिए रेल बजट में यह वृद्धि बेमिसाल है। 2009-14 के बीच औसत वार्षिक आवंटन मात्र 311 करोड़ रुपए था, जो अब 2026-27 के लिए बढ़कर 7,470 करोड़ रुपए हो गया है। इस राशि का उपयोग ट्रैक निर्माण, डबलिंग-ट्रिपलिंग, नई लाइनों के विस्तार, रेल संरक्षा, अंडरपास और फ्लाईओवर बनाने में किया जाएगा।
32 स्टेशनों का होगा कायाकल्प अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 स्टेशनों को पुनर्विकास के लिए चुना गया है, जिस पर 1674 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनमें से 5 स्टेशनों का काम पहले चरण में पूरा हो चुका है। इन आधुनिक स्टेशनों पर यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, बेहतर पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं मिलेंगी।