Coal Levy Scam Chhattisgarh ED Action
Coal Levy Scam Chhattisgarh ED Action : रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले (Coal Levy Scam) में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। ईडी के रायपुर जोनल ऑफिस ने एक नया प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी करते हुए पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और आरोपी निखिल चंद्राकर से जुड़ी 2.66 करोड़ रुपये की 8 अचल संपत्तियों को कुर्क (Attach) कर लिया है। इन संपत्तियों में कीमती जमीन के टुकड़े और आलीशान रिहायशी फ्लैट शामिल हैं।
Coal Levy Scam Chhattisgarh ED Action : रिश्तेदारों के नाम पर छिपाया गया था ‘काले धन’ का निवेश
ED की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कोयला लेवी की अवैध वसूली से कमाए गए करोड़ों रुपये को ठिकाने लगाने के लिए सौम्या चौरसिया और निखिल चंद्राकर ने अपने रिश्तेदारों का सहारा लिया था। अटैच की गई ये 8 संपत्तियां इन्हीं रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई थीं। ईडी का कहना है कि यह पैसा पूरी तरह से ‘क्राइम प्रोसीड्स’ (POC) है, जिसे जबरन वसूली और कोयला परिवहन में की गई धांधली से जुटाया गया था।
540 करोड़ की अवैध वसूली का पूरा गणित
जांच एजेंसी के मुताबिक, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच छत्तीसगढ़ में एक बड़ा सिंडिकेट सक्रिय था। इस गिरोह ने राजनेताओं और ऊंचे रसूख वाले नौकरशाहों के साथ मिलकर कोयला ट्रांसपोर्टरों से प्रति टन 25 रुपये की अवैध वसूली का रैकेट चलाया था। इस दौरान कुल 540 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की गई। इस काली कमाई का इस्तेमाल चुनाव खर्चों, रिश्वतखोरी और महंगी संपत्तियां खरीदने में किया गया।
अब तक 11 गिरफ्तार, 273 करोड़ की संपत्ति कुर्क
इस घोटाले में ED की कार्रवाई अब एक बड़े मुकाम पर पहुंच गई है:
कुल जब्ती: इस ताजा कार्रवाई के बाद अब तक कुल 273 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं।
गिरफ्तारियां: मामले में अब तक 11 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
चालान: ईडी ने विशेष PMLA अदालत में 35 आरोपियों के खिलाफ अब तक 5 चार्जशीट (अभियोजन शिकायत) पेश की है।
इन FIR के आधार पर कसी गई नकेल
ED ने इस मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच बेंगलुरु पुलिस की एफआईआर, आयकर विभाग की शिकायत और छत्तीसगढ़ EOW/ACB द्वारा जनवरी 2024 में दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। एजेंसी ने साफ कर दिया है कि जांच अभी खत्म नहीं हुई है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े नामों पर गाज गिर सकती है।