रायपुर, 27 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों ‘गुटबाजी’ को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा कांग्रेस को कई हिस्सों में बंटा बताने वाले बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC Chief) दीपक बैज ने करारा पलटवार किया है। बैज ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा खुद कई गुटों में बंटी हुई है और बृजमोहन अग्रवाल का अपना खुद का अलग गुट है। उन्होंने कहा कि “भाजपा इतने टुकड़ों में बंटी है कि उन्हें गिनने के लिए एक कोना भी कम पड़ जाएगा।”
बृजमोहन अग्रवाल ने कसा था तंज दरअसल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी पर चुटकी लेते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा था कि सोनिया, राहुल, प्रियंका, खड़गे और टीएस सिंहदेव की अपनी-अपनी अलग कांग्रेस है। उन्होंने तंज कसा था कि पहले यह तय हो जाए कि कौन सी कांग्रेस क्या काम करेगी।
दिल्ली बैठक से लौटे बैज ने दी संगठन की जानकारी दिल्ली में के.सी. वेणुगोपाल के साथ हुई अहम बैठक से लौटकर दीपक बैज ने बताया कि संगठन विस्तार को लेकर चर्चा हुई है। 31 मार्च तक कार्यकारिणी का गठन पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है। साथ ही उन्होंने धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार की नीयत किसानों को लेकर साफ नहीं है।
अजय चंद्राकर के बयान पर साधी चुप्पी भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि “बैज दोबारा अध्यक्ष नहीं बनेंगे”, दीपक बैज ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से साफ इनकार कर दिया।