Arun Panwar Wedding : गुरुग्राम: मशहूर ऑटोमोबाइल यूट्यूबर अरुण पंवार अपनी शादी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उनके लग्न समारोह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें 71 लाख रुपये नकद और 21 तोला सोना उपहार में मिलते दिखाया गया है। हालांकि वीडियो में इसे ‘दहेज’ के बजाय ‘दान’ बताया जा रहा है, लेकिन इंटरनेट पर लोग इसे लेकर उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति माइक पर घोषणा करते हुए बता रहा है कि यह दहेज नहीं बल्कि दान है। इसमें दूल्हे के लिए साढ़े 5 तोले की चेन, 4 तोले का ब्रेसलेट, अंगूठियां और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी सोने के जेवरात शामिल हैं। कुल मिलाकर 21 तोला सोना और 71 लाख रुपये कैश की बात कही गई है।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और बहस इस वीडियो के सामने आने के बाद दहेज प्रथा का विरोध करने वाले लोग भड़क गए हैं। यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि भारी-भरकम कैश और सोने को ‘दान’ का नाम देकर कैसे सही ठहराया जा सकता है। लोगों ने अरुण की पत्नी, जो पेशे से डॉक्टर हैं, पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतनी पढ़ी-लिखी होने के बावजूद वह इस प्रथा का समर्थन कैसे कर रही हैं। हालांकि, कुछ प्रशंसक उनके बचाव में भी उतरे हैं, जिनका कहना है कि यह स्वेच्छा से दिया गया उपहार है।
कौन हैं अरुण पंवार? अरुण पंवार देश के जाने-माने ऑटोमोबाइल यूट्यूबर हैं। 2019 में अपना सफर शुरू करने वाले अरुण के यूट्यूब पर 2.41 मिलियन और इंस्टाग्राम पर करीब 10 लाख फॉलोअर्स हैं। वे अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और कारों के रिव्यू के लिए पहचाने जाते हैं। उनकी शादी डॉ. तिथि से हुई है, जिन्होंने MBBS की पढ़ाई की है।