Confident Group Owner Death : बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी ‘कॉन्फिडेंट ग्रुप’ के संस्थापक और मालिक सीजे रॉय ने शुक्रवार शाम अपने ही दफ्तर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जिस वक्त यह आत्मघाती कदम उठाया गया, उस दौरान आयकर विभाग (IT) की टीम उनके दफ्तर में सर्च ऑपरेशन और पूछताछ कर रही थी।
पूछताछ के बीच कमरे में जाकर चलाई गोली जानकारी के मुताबिक, सीजे रॉय बेंगलुरु के अनेपाल्या स्थित अपने मुख्य कार्यालय में मौजूद थे। इनकम टैक्स के अधिकारी उनके व्यापारिक लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। इसी बीच रॉय बहाना बनाकर अपने निजी केबिन में गए और वहां रखी बंदूक से अपने सीने पर गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनकर दफ्तर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद आईटी अधिकारियों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दिसंबर से चल रही थी जांच की तलवार अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि रॉय की संपत्तियों की जांच आयकर विभाग ने पिछले साल दिसंबर में ही शुरू कर दी थी। शुक्रवार को इसी कड़ी में टीम दोबारा जांच के लिए पहुँची थी। बताया जा रहा है कि छापेमारी और पूछताछ के चलते रॉय काफी तनाव में थे। संभवतः वह कानूनी कार्रवाई या व्यापारिक छवि को पहुँचने वाले नुकसान के दबाव को झेल नहीं पाए और यह खौफनाक कदम उठा लिया। फिलहाल अशोकनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कौन थे सीजे रॉय और कितना बड़ा था उनका कारोबार? केरल के मूल निवासी सीजे रॉय ने साल 2005 में ‘कॉन्फिडेंट ग्रुप’ की नींव रखी थी। उन्होंने स्विट्जरलैंड के एसबीएस बिजनेस स्कूल से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी। महज दो दशकों में उन्होंने अपनी कंपनी को रियल एस्टेट जगत का दिग्गज बना दिया था। उनकी कंपनी अब तक 65 से अधिक लग्जरी प्रोजेक्ट्स पूरे कर चुकी है।
कॉन्फिडेंट ग्रुप का कारोबार केवल बेंगलुरु और केरल तक ही सीमित नहीं था, बल्कि दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कंपनी ने अपनी पहचान बनाई थी। रियल एस्टेट के अलावा कंपनी शिक्षा, हॉस्पिटैलिटी और मनोरंजन के क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर सक्रिय थी। इतने बड़े कारोबारी साम्राज्य के मालिक का इस तरह अंत होना व्यापारिक जगत के लिए एक बड़ा झटका है।