EPFO UPI Withdrawal
EPFO UPI Withdrawal : नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों खाताधारकों को एक बड़ी सौगात देने जा रहा है। अब पीएफ (PF) से पैसा निकालने के लिए आपको हफ्तों या दिनों का इंतजार नहीं करना होगा। ईपीएफओ जल्द ही UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के जरिए निकासी की सुविधा शुरू करने वाला है, जिससे पैसा निकालना उतना ही आसान हो जाएगा जितना कि किसी को स्कैन करके पैसे भेजना।
EPFO UPI Withdrawal : NPCI के साथ मिलाया हाथ, भीम ऐप से होगी शुरुआत
इस नई और हाई-टेक व्यवस्था को लागू करने के लिए ईपीएफओ ने नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के साथ साझेदारी की है। योजना के मुताबिक, अगले 2 से 3 महीनों के भीतर यह सुविधा शुरू हो सकती है। शुरुआत में पीएफ निकासी की यह सर्विस सिर्फ ‘भीम ऐप’ (BHIM App) पर उपलब्ध होगी। बाद में इसे फोनपे, गूगल पे और पेटीएम जैसे अन्य एप्स पर भी विस्तार दिया जा सकता है।
3 दिन का इंतजार खत्म, अब होगा ‘इंस्टेंट’ पेमेंट
फिलहाल, अगर आप पीएफ एडवांस के लिए ऑनलाइन आवेदन करते हैं, तो 5 लाख से कम की राशि आने में भी कम से कम 3 वर्किंग डेज लग जाते हैं। बड़ी रकम में तो और भी ज्यादा वक्त लगता है। लेकिन नई यूपीआई व्यवस्था में:
बीमारी, पढ़ाई या शादी जैसी जरूरतों के लिए क्लेम करते ही सिस्टम तुरंत वेरिफिकेशन करेगा।
वेरिफिकेशन सफल होते ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के जरिए पैसा सीधे आपके यूपीआई से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
क्या होगी लिमिट?
चूंकि यूपीआई ट्रांजेक्शन के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के अपने नियम और सीमाएं हैं, इसलिए पीएफ निकासी पर भी शुरुआती तौर पर कुछ लिमिट (सीमा) तय की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए शुरुआत में पूरी राशि निकालने की अनुमति नहीं होगी। एक निश्चित लिमिट तय करने पर अभी विचार-विमर्श चल रहा है।