Era Medical College Lucknow FIR : लखनऊ। राजधानी के प्रतिष्ठित एरा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की एक ऐसी खौफनाक लापरवाही सामने आई है, जिसने पूरे चिकित्सा जगत को शर्मसार कर दिया है। एक महिला के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने उसके पेट में सर्जिकल औजार (मेडिकल इंस्ट्रुमेंट) छोड़ दिया और टांके लगा दिए। कोर्ट के कड़े रुख के बाद अब अस्पताल के 15 डॉक्टरों के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में धोखाधड़ी और जानलेवा लापरवाही की FIR दर्ज की गई है।
Era Medical College Lucknow FIR : ढाई साल तक दर्द से तड़पती रही महिला, अस्पताल ने लूटे लाखों एल्डिको सिटी निवासी पीड़िता रूप सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि फरवरी 2023 में वे पेट दर्द के इलाज के लिए एरा हॉस्पिटल में भर्ती हुई थीं। सर्जरी के बाद से ही उन्हें लगातार असहनीय दर्द हो रहा था। जब भी वे शिकायत करतीं, अस्पताल प्रशासन उन्हें भारी पेनकिलर देकर टाल देता। इस बीच इलाज के नाम पर अस्पताल ने महिला से लाखों रुपए वसूल लिए, जबकि असली वजह वह औजार था जो पेट के भीतर संक्रमण फैला रहा था।
अल्ट्रासाउंड में खुली पोल, तो डॉक्टरों ने रची साजिश
अगस्त 2025 में जब दर्द बर्दाश्त के बाहर हो गया, तो एरा हॉस्पिटल में ही अल्ट्रासाउंड कराया गया। रिपोर्ट में औजार साफ नजर आ रहा था, लेकिन आरोप है कि डॉक्टरों ने अपनी गलती छिपाने के लिए झूठी रिपोर्ट तैयार की और उसे ‘एपेंडिसाइटिस’ बताकर दोबारा ऑपरेशन का नाटक करने की कोशिश की।
दूसरे अस्पताल में सर्जरी कर निकाला गया ‘मौत का औजार’
महिला ने शक होने पर दूसरे अस्पताल में जांच कराई, जहां हकीकत सामने आई। 20 अगस्त 2025 को एक अन्य अस्पताल में सर्जरी कर उनके पेट से वह सर्जिकल औजार निकाला गया। संक्रमण इतना फैल चुका था कि महिला को कई दिनों तक आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझना पड़ा।
कोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई
पीड़िता ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने सबूतों को देखते हुए ठाकुरगंज पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने अस्पताल के 15 डॉक्टरों और 2 मालिकों समेत जिम्मेदार प्रबंधन पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।