Gujarat School Bomb Threat : अहमदाबाद/वडोदरा: गुजरात के 32 नामी स्कूलों को सोमवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। वडोदरा के 17 और अहमदाबाद के 15 स्कूलों को निशाना बनाकर भेजे गए इस ईमेल में बेहद आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। धमकी मिलते ही आनन-फानन में स्कूलों को खाली कराया गया और हजारों बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेजा गया।
ईमेल में दहशत फैलाने के लिए लिखा गया कि “हिंदुस्तान के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे और गुजरात खालिस्तान बनेगा।” इतना ही नहीं, ईमेल में स्कूल बसों को कार बम से उड़ाने और बड़े नेताओं को निशाना बनाने की बात भी कही गई है। धमकी की खबर मिलते ही माता-पिता बदहवास होकर स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को साथ ले गए। एहतियात के तौर पर वडोदरा के उर्मी स्कूल के हॉस्टल को भी खाली करा लिया गया है।
पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDDS) सभी संदिग्ध स्कूलों की बारीकी से जांच कर रहा है। वडोदरा पुलिस कमिश्नर नरसिम्हा कुमार ने बताया कि साइबर क्राइम टीम यह पता लगा रही है कि यह ईमेल कहां से और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है। गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी को गहन जांच के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।