कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सस्पेंस और सियासत चरम पर है। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले महामुकाबले से पाकिस्तान के बहिष्कार की खबरों के बीच टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का बड़ा बयान सामने आया है। कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने दो टूक कहा कि भारतीय टीम मैच के लिए पूरी तरह तैयार है और उनके कोलंबो जाने का टिकट भी कट चुका है।
‘उन्होंने मना किया है, हमने नहीं’ सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के पीछे हटने के सवाल पर कहा, “हमारी सोच एकदम साफ है। हमने पाकिस्तान से खेलने से मना नहीं किया है, फैसला उनकी तरफ से आया है। हमारी फ्लाइट्स बुक हो चुकी हैं और हम कोलंबो जा रहे हैं। हमारा शेड्यूल तय है—पहले USA, फिर नीदरलैंड्स और उसके बाद हम पाकिस्तान से भिड़ने के लिए कोलंबो पहुंचेंगे।”
पाकिस्तान सरकार का दबाव, ICC की नजर दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ मैच न खेलने का आदेश दिया है। हालांकि, पीसीबी (PCB) ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। यदि पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करता है, तो उसे ICC की ओर से भारी जुर्माने और अंकों के नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। इस बीच बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल ने साफ कर दिया है कि यह आईसीसी का मामला है और वे आईसीसी के फैसले के मुताबिक ही आगे बढ़ेंगे।
ड्रेसिंग रूम का माहौल है शानदार प्री-टूर्नामेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने टीम इंडिया की फॉर्म और एकता पर भी बात की। उन्होंने कहा, “ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत हल्का और पॉजिटिव है। हमारे लिए व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि टीम की जरूरत मायने रखती है। खिलाड़ियों को अपनी मर्जी से खेलने की पूरी आजादी है।”
बता दें कि 15 फरवरी के इस मैच पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं, लेकिन पाकिस्तान के अड़ियल रुख ने टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही विवाद खड़ा कर दिया है।