IPL Matches in Raipur
IPL Matches in Raipur : रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए साल 2026 की सबसे बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस बार IPL के दो धमाकेदार मुकाबले खेले जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि दुनिया की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), अपने मैच रायपुर में खेलेगी। हाल ही में RCB के CEO ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात कर आयोजन की तैयारियों और स्टेडियम की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में IPL मैचों का आयोजन होना राज्य के लिए गौरव की बात है। इससे न केवल छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को भी खेल के प्रति एक नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इन मैचों के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव मदद और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
रायपुर का यह इंटरनेशनल स्टेडियम अपनी भव्यता और दर्शकों की क्षमता के लिए पहले ही क्रिकेट की दुनिया में मशहूर है। यहां पहले भी रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो चुके हैं, जिन्हें दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। अब IPL और विराट कोहली की टीम RCB के आगमन की खबर ने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह भर दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इन मैचों के दौरान रायपुर एक बार फिर हाउसफुल रहेगा और क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर होगा।