Video Call Suicide Case : जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 12वीं क्लास में पढ़ने वाली एक छात्रा ने वीडियो कॉल के दौरान अपने प्रेमी से बात करते हुए फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खुद छात्रा के प्रेमी ने सिटी कोतवाली थाने पहुँचकर इस पूरी घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूने घर में उठाया खौफनाक कदम
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्षनपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 18 वर्षीय रजनी प्रधान के माता-पिता हर दिन की तरह मजदूरी करने घर से बाहर गए थे और रजनी घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच जब उसके माता-पिता काम से वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में उनकी लाडली की लाश पंखे से लटकी हुई थी।
वीडियो कॉल पर चल रही थी बात
पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात निकलकर सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। बताया जा रहा है कि रजनी अपने प्रेमी के साथ वीडियो कॉल पर जुड़ी हुई थी और उसी दौरान उसने मौत को गले लगा लिया। प्रेमी ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि रजनी ने कॉल के दौरान ही यह कदम उठाया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस, मोबाइल जब्त
रजनी के पड़ोसियों का कहना है कि वह पढ़ाई में अच्छी थी और काफी मिलनसार स्वभाव की थी। उसे कभी किसी तनाव या परेशानी में नहीं देखा गया। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बातचीत के दौरान ऐसी क्या बात हुई या किन परिस्थितियों की वजह से छात्रा ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठाया। इस घटना के बाद से रजनी के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।