Korba Rail Line Theft : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सक्रिय कबाड़ गिरोह के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे सरकारी और निजी संपत्तियों को निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। जिले में ब्रिज चोरी के बाद अब एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां चोरों ने कुसमुंडा से जटगा के बीच बिछाई जा रही रेल लाइन को ही काट दिया और लगभग 2 करोड़ रुपये का लोहा लेकर फरार हो गए।
प्राइवेट कंपनी के प्रोजेक्ट को लगाया चूना: जानकारी के अनुसार, ‘शिवाकृति प्राइवेट कंपनी’ उरगा से पेंड्रा तक 140 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने का काम कर रही है। प्रोजेक्ट मैनेजर एस. कुमार जांगिड़ ने बताया कि कुसमुंडा से कुचेना जटगा के बीच करीब 60-65 किलोमीटर के दायरे में करोड़ों रुपये का सामान गायब मिला है। चोरों ने न केवल रेल पटरी और लोहे की प्लेटें चोरी की हैं, बल्कि निर्माण स्थल पर खड़ी एक हाइड्रा मशीन के शीशे तोड़कर उसे भी नुकसान पहुंचाया है।
बांकीमोंगरा और कटघोरा क्षेत्र में वारदात: चोरी की यह घटना बांकीमोंगरा और कटघोरा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग दिनों में अंजाम दी गई है। इससे पहले भी इसी गिरोह ने कोरबा में एक पुराने लोहे के ब्रिज का 30 टन लोहा पार कर दिया था। कंपनी प्रबंधन ने दोनों थानों में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच: एएसपी लखन पटले ने बताया कि उरगा इलाके के बाद अब कुसमुंडा क्षेत्र में चोरी की शिकायत मिली है। पुलिस की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं और कबाड़ के अवैध धंधे से जुड़े संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। कंपनी द्वारा पूरे क्षेत्र का दोबारा सर्वे कराया जा रहा है ताकि नुकसान का सटीक आकलन हो सके।