Sajid Khan MLA Threat : मुंबई/अकोला। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ अब बॉलीवुड से निकलकर राजनीति के गलियारों तक पहुंच गया है। महाराष्ट्र से कांग्रेस विधायक साजिद खान को बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। फोन करने वाले ने विधायक से ‘जान की सलामती’ के बदले 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी है। इस धमकी के बाद न सिर्फ विधायक का परिवार दहशत में है, बल्कि राज्य की सियासत में भी हड़कंप मच गया है।
खाने की मेज पर आया ‘मौत का फोन’
विधायक साजिद खान ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि 17 फरवरी की रात जब वे अपने परिवार के साथ खाना खा रहे थे, तभी उनके फोन की घंटी बजी। फोन उठाने पर दूसरी तरफ से शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। उसने धमकाते हुए कहा, “पहले पता कर लो हम कौन हैं। जैसे हमने बड़े-बड़े सूरमाओं को ठिकाने लगाया है, वैसे ही तेरा भी हाल करेंगे। अगर जिंदा रहना चाहते हो तो 10 करोड़ रुपये का इंतजाम करो, वरना जहां मिलोगे वहीं गोली मार देंगे।”
विधायक का दर्द: ‘मैं नेता हूँ, कोई उद्योगपति नहीं’
इस धमकी से नाराज और डरे हुए साजिद खान ने सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मैं कोई करोड़पति बिजनेसमैन नहीं, जनता का चुना हुआ एक साधारण प्रतिनिधि हूं। जब एक विधायक ही सुरक्षित नहीं है और उसे सदन में अपनी बात रखने का मौका नहीं मिल रहा, तो आम आदमी और व्यापारियों का क्या होगा? राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।”
पुलिस एक्शन और सुरक्षा
मामले की गंभीरता को देखते हुए अकोला पुलिस ने 17 फरवरी को ही FIR दर्ज कर ली थी। पुलिस अब उस नंबर को ट्रेस कर रही है जिससे धमकी दी गई थी। एहतियात के तौर पर साजिद खान और उनके परिवार को विशेष सुरक्षा मुहैया करा दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वाकई यह कॉल बिश्नोई गैंग से जुड़ी है या किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर विधायक को डराने की साजिश रची है।