Mahashivratri 2026 : नई दिल्ली। हर साल फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था। इस साल 15 फरवरी यानी कल महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस विशेष अवसर पर शिवलिंग पर जलाभिषेक करने और व्रत रखने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन घर में कुछ विशेष चीजें लाना अत्यंत शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि इन वस्तुओं को घर लाने से महादेव की कृपा बरसती है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। आइए जानते हैं महाशिवरात्रि पर किन चीजों को घर लाना फलदायी है:
रुद्राक्ष पौराणिक कथाओं के अनुसार, रुद्राक्ष की उत्पत्ति भगवान शिव के आंसुओं से हुई है, इसलिए इसे महादेव का अंश माना जाता है। महाशिवरात्रि के दिन रुद्राक्ष घर लाने से भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है और मानसिक शांति मिलती है।
शिवलिंग भगवान शिव की पूजा मुख्य रूप से शिवलिंग के रूप में की जाती है। माना जाता है कि महाशिवरात्रि पर पारद या पत्थर का छोटा शिवलिंग घर लाकर स्थापित करने से घर के सभी दुख और नकारात्मकता समाप्त हो जाती है।
नंदी की मूर्ति नंदी भगवान शिव के वाहन हैं और उनके परम भक्त भी। शिव जी की प्रतिमा के सामने सदैव नंदी विराजमान रहते हैं। महाशिवरात्रि पर चांदी या पीतल की नंदी की प्रतिमा घर लाने से कार्यों में आने वाली सभी बाधाएं दूर होती हैं और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।
बेलपत्र और शमी का पौधा बेलपत्र और शमी के पत्ते भगवान शिव को अत्यंत प्रिय हैं। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बेलपत्र या शमी का पौधा घर में लाकर लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है और घर में खुशहाली आती है।