डोडा में बड़ा हादसा : 200 फीट गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन, 10 जांबाज शहीद, 7 जवान घायल
Doda Army Accident : डोडा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। गुरुवार को सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन ‘कैस्पर’ अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों ने अपनी जान गंवा दी। इस दुखद हादसे में 7 अन्य जवान घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
खन्नी टॉप के पास अनियंत्रित होकर पलटी गाड़ी
सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा भादरवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ। सेना का वाहन 17 जवानों को लेकर एक ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित चौकी की ओर जा रहा था। तभी अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से फिसलकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई।
हेलीकॉप्टर से उधमपुर पहुँचाए गए घायल जवान
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे से 10 जवानों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, 3 गंभीर रूप से घायल जवानों को सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए तुरंत उधमपुर स्थित कमांड अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
उपराज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि, पिछले हादसे की यादें हुईं ताजा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि देश अपने वीरों के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि इसी तरह का एक बड़ा हादसा 4 मई 2025 को रामबन के बैटरी चश्मा इलाके में भी हुआ था, जहाँ सेना की गाड़ी 600 मीटर गहरी खाई में गिरने से 3 जवानों की जान चली गई थी। डोडा के दुर्गम रास्तों पर हुआ यह ताजा हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सैन्य आवाजाही की चुनौतियों को बयां कर रहा है।