Nitin Nabin BJP President : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आज से ‘नबीन अध्याय’ का आगाज हो गया है। पांच बार के विधायक नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। मंगलवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जब उन्होंने पदभार संभाला, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद माला पहनाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने मंच से मुस्कुराते हुए कहा, “आज से नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं और मैं उनका एक सामान्य कार्यकर्ता।”
नितिन नबीन: रेडियो के दौर से AI युग तक का सफर
प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नितिन उस ‘मिलेनियल’ पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं, जिसने देश में रेडियो के दौर से लेकर आज के एआई (AI) युग तक के बदलाव देखे हैं। पीएम ने कहा, “नितिन जी में युवा ऊर्जा और सांगठनिक अनुभव का अद्भुत मेल है। उन्होंने युवा मोर्चा से लेकर विभिन्न राज्यों के प्रभारी के रूप में जो भी जिम्मेदारी निभाई, उसे बखूबी पूरा किया। अब उनका काम सिर्फ भाजपा को संभालना नहीं, बल्कि एनडीए (NDA) के साथियों के बीच तालमेल बिठाना भी है।”
‘कार्यकर्ता होना मेरे लिए सबसे बड़ा गर्व’
पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि दुनिया मुझे प्रधानमंत्री के तौर पर देख सकती है, लेकिन मेरे लिए सबसे बड़ा गौरव भाजपा का कार्यकर्ता होना है। उन्होंने संगठन की चुनाव प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के अध्यक्ष का चुनाव 100 प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से हुआ है, जो हमारी पार्टी के संविधान की आत्मा है। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया बूथ स्तर से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पूरी गरिमा के साथ संपन्न हुई है।
परिवारवाद पर प्रहार: 1 लाख नए चेहरों की तैयारी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘परिवारवाद’ को देश के लिए अभिशाप बताया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां एक ही परिवार के लोग अध्यक्ष बनते हैं, जिससे आम युवाओं के लिए राजनीति के दरवाजे बंद हो जाते हैं। पीएम मोदी ने एक बड़ा लक्ष्य साझा करते हुए कहा, “मैं देश के ऐसे 1 लाख युवाओं को राजनीति में लाना चाहता हूं, जिनके परिवार का राजनीति से कोई दूर-दूर का रिश्ता न हो। जब मैं ऐसी बात करता हूं, तो ‘अर्बन नक्सल’ परेशान हो जाते हैं।”
विकसित भारत और जनसंघ के 75 साल
पीएम ने याद दिलाया कि इस साल जनसंघ की स्थापना के 75 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 साल ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नितिन नबीन के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा के संकल्प को और मजबूत करें। कार्यक्रम में पार्टी के दिग्गज नेताओं के साथ-साथ देशभर से आए कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा, जिन्होंने नए अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।