सत्ता से बाहर होने पर कांग्रेस और जहरीली हो गई, असम को सावधान रहना होगा: गुवाहाटी में बोले पीएम मोदी
PM Modi Guwahati Visit : गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के गुवाहाटी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने नॉर्थ ईस्ट को ‘अष्टलक्ष्मी’ बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस क्षेत्र को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कांग्रेस को देश बांटने वाली ‘MMC’ (मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस) करार दिया और असम की जनता को उनसे सावधान रहने की सलाह दी।
बजट के बाद नॉर्थ ईस्ट के अपने पहले दौरे पर पीएम मोदी ने कहा कि जिस क्षेत्र को कांग्रेस ने दशकों तक नजरअंदाज किया, भाजपा वहां भक्तिभाव से सेवा कर रही है। उन्होंने आंकड़ों के जरिए बताया कि कांग्रेस के शासन में असम को टैक्स के हिस्से के रूप में केवल 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि भाजपा सरकार में यह राशि 5 गुना बढ़कर लगभग 50 हजार करोड़ रुपये हो गई है। पिछले 11 वर्षों में असम के विकास के लिए केंद्र से 5.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल क्रांति पर जोर प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले नॉर्थ ईस्ट का नाम आते ही खराब सड़कों की याद आती थी, लेकिन आज यहां ऐसे हाईवे बन रहे हैं जहां हवाई जहाज भी उतर सकते हैं। उन्होंने 5G टेक्नोलॉजी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के समय घोटाले होते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने आधुनिक तकनीक को असम के गांव-गांव तक पहुंचाया है। नीतियों में सुधार से रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
पुलवामा शहीदों को नमन और कांग्रेस पर प्रहार पुलवामा हमले की बरसी पर पीएम मोदी ने वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों को सजा दी, वह पूरी दुनिया ने देखा। क्या कांग्रेस में कभी देशहित के लिए ऐसे फैसले लेने की हिम्मत थी?” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन लोगों का साथ दे रही है जो देश के टुकड़े करने का सपना देखते हैं और जो नॉर्थ ईस्ट को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं।
प्रधानमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से इनकार करती है और ‘मां भारती’ के नाम से परहेज करती है, वह कभी देश का भला नहीं कर सकती। उन्होंने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति से सतर्क रहें।