PM Modi Kerala Visit : तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर में हुए सोना चोरी मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे पीएम मोदी ने जनता से वादा किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री ने इसे ‘मोदी की गारंटी’ करार दिया है।
भगवान अयप्पा की आस्था और एलडीएफ पर प्रहार
प्रधानमंत्री ने केरल की एलडीएफ (LDF) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे देश की भगवान अयप्पा में अटूट श्रद्धा है, लेकिन मौजूदा सरकार ने मंदिर की परंपराओं को चोट पहुँचाने का काम किया है। उन्होंने कहा, ‘अब मंदिर के गर्भगृह और भगवान के पास से सोना चोरी होने की खबरें आ रही हैं। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि भाजपा की सरकार आते ही इन आरोपों की गहन जांच होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।’
क्या है सबरीमाला सोना चोरी विवाद?
सबरीमाला मंदिर का यह मामला तब राजनीतिक तूफान बन गया जब मंदिर के गर्भगृह के दरवाजे के फ्रेम और मूर्तियों को ढकने वाली सोने की प्लेटों में गबन की बात सामने आई। वर्तमान में केरल उच्च न्यायालय के आदेश पर विशेष जांच टीम (SIT) इस मामले की पड़ताल कर रही है। पीएम मोदी ने इस मुद्दे को उठाकर सीधे तौर पर राज्य सरकार की घेराबंदी की है।
तिरुवनंतपुरम की उपेक्षा का लगाया आरोप
विकास परियोजनाओं और नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दशकों से एलडीएफ और यूडीएफ (UDF) दोनों ने तिरुवनंतपुरम की अनदेखी की है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और वामपंथी दल जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में विफल रहे हैं। पीएम ने आश्वासन दिया कि भाजपा की टीम शहर के कायाकल्प के लिए काम शुरू कर चुकी है और जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।