Suryakumar Yadav Khushi Mukherjee Controversy : मुंबई। टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और एक्ट्रेस खुशी मुखर्जी का मामला अब कानूनी लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर फैजान अंसारी द्वारा खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ रुपये का मानहानि केस दर्ज कराए जाने के बाद एक्ट्रेस ने अपनी सफाई पेश की है। खुशी ने अब चेतावनी दी है कि यदि वह यह केस जीतती हैं, तो मानहानि करने वालों पर 500 करोड़ रुपये का पलटवार करेंगी।
‘कैजुअल चैट’ को बताया सामान्य, अब दी सफाई
खुशी मुखर्जी ने हाल ही में मीडिया से बात करते हुए अपने पुराने बयान पर यू-टर्न लिया। उन्होंने कहा, “सूर्यकुमार यादव और मेरे बीच बहुत पहले फ्रेंडली तरीके से बातचीत हुई थी। उनके बात करने के लहजे में कुछ भी गलत नहीं था, वह एक सामान्य कैजुअल चैटिंग थी। मेरे मुंह से यह बात निकल गई कि हमारी बात होती थी, शायद मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए था, लेकिन इसमें किसी की मानहानि जैसा कुछ भी नहीं है।”
बिना लीगल नोटिस के केस दर्ज होने पर उठाए सवाल
एक्ट्रेस ने यह भी साफ किया कि वह उस शख्स (फैजान अंसारी) को जानती तक नहीं हैं, जिसने उनके खिलाफ 100 करोड़ का केस किया है। खुशी ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक लीगल नोटिस नहीं मिला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह यह मानहानि का केस जीतती हैं, तो विपक्षी पर 500 करोड़ रुपये का केस ठोकेंगी। उनका दावा है कि उन्होंने अपनी बातों से किसी की छवि को नुकसान नहीं पहुँचाया है।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले सुर्खियों में कप्तान
यह विवाद ऐसे समय में आया है जब सूर्यकुमार यादव साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कमान संभालने की तैयारी कर रहे हैं। यह पहला मौका है जब वह बतौर कप्तान विश्व कप में टीम इंडिया का नेतृत्व करेंगे। खेल प्रेमियों के बीच इस विवाद को लेकर काफी चर्चा है, हालांकि सूर्यकुमार की ओर से इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।