T20 Match Raipur : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले निर्णायक टी20 मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मैदान की गहमागहमी छोड़ जंगल की शांति के बीच पहुंचे। टीम के सितारों ने महासमुंद जिले में स्थित प्रसिद्ध बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण किया और छत्तीसगढ़ की नैसर्गिक सुंदरता का करीब से अनुभव किया। वन मंत्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों के इस यादगार सफर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अभयारण्य की सैर
मैदान पर छक्के-चौके लगाने वाले टीम इंडिया के धुरंधर खिलाड़ियों ने प्रकृति की गोद में समय बिताया। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में संजू सैमसन, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने अभयारण्य का दौरा किया। खिलाड़ियों ने न केवल घने जंगलों की जैव-विविधता देखी, बल्कि वन्य जीवों को उनके प्राकृतिक आवास में बेहद करीब से देखा।
बार नवापारा की जैव-विविधता ने मोहा मन
रायपुर से लगभग 100-106 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह अभयारण्य 245 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने यहां पाए जाने वाले तेंदुओं, भालू, उड़ने वाली गिलहरी और बायसन जैसे जानवरों की जानकारी ली। इसके अलावा, पक्षी प्रेमियों के लिए स्वर्ग माने जाने वाले इस स्थल पर उन्होंने मोर, किंगफिशर और बगुले जैसे खूबसूरत पक्षियों का भी अवलोकन किया।
मैच से पहले ‘रिलैक्स’ हुए खिलाड़ी
न्यूजीलैंड के साथ होने वाले आगामी टी20 मैच के दबाव के बीच खिलाड़ियों के लिए यह जंगल सफारी एक ‘रिफ्रेशर’ की तरह रही। वन मंत्री केदार कश्यप ने इन पलों को यादगार बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक संपदा की प्रशंसा की है। वन्य जीवन के करीब बिताया गया यह समय खिलाड़ियों को मानसिक शांति और ताजगी देने वाला साबित हुआ।