UPSC Call Center : नई दिल्ली | 07 फरवरी, 2026 : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 और भारतीय वन सेवा (IFoS) परीक्षा 2026 के उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू की है। आयोग ने अपने कॉल सेंटर के परिचालन समय (Operational Hours) को बढ़ा दिया है, ताकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान छात्रों को किसी भी तकनीकी या सामान्य समस्या का तुरंत समाधान मिल सके।
अब शनिवार और रविवार को भी मिलेगी मदद
UPSC के नए निर्देशों के अनुसार, कॉल सेंटर अब शनिवार, रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी चालू रहेगा। उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या और उनकी सुगमता को देखते हुए इसे अब दो शिफ्टों में संचालित किया जाएगा। अब छात्र सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक कभी भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
क्षमता हुई दोगुनी, कम होगा वेटिंग टाइम
आयोग ने कॉल सेंटर की क्षमता को भी दोगुना कर दिया है। इसका सीधा फायदा यह होगा कि फोन करने वाले आवेदकों को अब लंबी प्रतीक्षा (Waiting Time) नहीं करनी होगी। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि तक यह व्यवस्था सुचारू रूप से लागू रहेगी।
चेयरमैन डॉ. अजय कुमार का बयान
UPSC के चेयरमैन डॉ. अजय कुमार ने कहा कि आयोग उम्मीदवारों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पहल का उद्देश्य आवेदकों के साथ संचार को मजबूत करना और परीक्षा के इस महत्वपूर्ण चरण में उनके सवालों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।