नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WhatsApp जल्द ही अपने यूजर्स के लिए एक कमाल का फीचर लाने जा रहा है। अब इंस्टाग्राम की तरह WhatsApp पर भी आप ‘Close Friends’ (करीबी दोस्त) की लिस्ट बना सकेंगे। इस फीचर की मदद से आप अपना स्टेटस सिर्फ उन चुनिंदा लोगों के साथ शेयर कर पाएंगे जिन्हें आप दिखाना चाहते हैं। यानी अब हर बार स्टेटस डालने से पहले प्राइवेसी सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या है ‘Close Friends’ फीचर? WABetaInfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp स्टेटस अपडेट को और ज्यादा प्राइवेट बनाने पर काम कर रहा है। इस नए फीचर में आप अपने कुछ खास कॉन्टैक्ट्स को चुनकर एक लिस्ट तैयार कर पाएंगे। स्टेटस डालते समय ‘Close Friends’ का विकल्प चुनने पर वह अपडेट सिर्फ उसी लिस्ट में शामिल लोगों को दिखेगा। यह लिस्ट पूरी तरह फ्लैक्सिबल होगी, जिसे आप जब चाहें बदल सकते हैं या लोगों को जोड़-हटा सकते हैं।
कैसे काम करेगा यह फीचर?
-
आसान एक्सेस: फीचर आने के बाद आप स्टेटस प्राइवेसी सेटिंग से या सीधे स्टेटस पोस्ट करते समय ही अपने क्लोज फ्रेंड्स चुन सकेंगे।
-
खास पहचान: अगर आप किसी को अपनी क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट में जोड़ते हैं, तो उसे आपकी प्रोफाइल फोटो के पास एक अलग रंग की ‘रिंग’ (गोला) दिखाई दे सकती है। इससे सामने वाले को पता चल जाएगा कि यह स्टेटस सिर्फ खास लोगों के लिए साझा किया गया है।
-
विजिबिलिटी: ध्यान रखने वाली बात यह है कि अगर कोई आपका स्टेटस देख चुका है, तो बाद में उसे लिस्ट से हटाने पर भी वह स्टेटस उसके लिए गायब नहीं होगा।
कब तक होगा रोलआउट? फिलहाल यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और बीटा टेस्टर्स के पास भी नहीं पहुंचा है। WhatsApp पहले इसे पूरी तरह सुरक्षित और स्मूद बनाने पर काम कर रहा है। टेस्टिंग सफल होने के बाद इसे सबसे पहले बीटा यूजर्स और फिर आम जनता के लिए जारी किया जाएगा।