PM Modi Malda speech highlights : मालदा (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के मालदा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला। आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के बीच पीएम मोदी ने साफ कहा कि बंगाल की “निर्मम सरकार” को जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है, उनका पूरा फोकस सिर्फ भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज पर है।
“घुसपैठियों को संरक्षण और गरीबों का शोषण”
पीएम मोदी ने मालदा और मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि टीएमसी अपने वोट बैंक के लिए अवैध घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा, “बंगाल की जनसांख्यिकी (Demography) को जानबूझकर बदला जा रहा है। तुष्टिकरण की राजनीति के कारण गरीब माताओं-बहनों की सुरक्षा खतरे में है और पुलिस तमाशा देख रही है।”
विकास की योजनाओं पर ‘ब्रेक’ लगाने का आरोप
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये भेजती है, लेकिन टीएमसी का ‘टोलाबाजी’ सिस्टम उस पैसे को गरीबों तक पहुंचने नहीं देता। उन्होंने शिक्षक भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि ममता सरकार ने बंगाल के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। मोदी ने नारा दिया— “पलटानो दरकार, चाई बीजेपी सरकार” (बदलाव की जरूरत है, बीजेपी सरकार चाहिए)।
बंगाल को मिली ३,२५० करोड़ की सौगात
रैली के दौरान पीएम मोदी ने केवल राजनीति नहीं बल्कि विकास की बात भी की। उन्होंने मालदा से ही ३,२५० करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें भारत की पहली ‘वंदे भारत स्लीपर ट्रेन’ (हावड़ा-गुवाहाटी) को हरी झंडी दिखाना भी शामिल रहा। उन्होंने भरोसा दिया कि मतुआ और नामशूद्र समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता और सुरक्षा देना “मोदी की गारंटी” है।